-बेखौफ झपटमार, दो महिलाओं से लाखों के गहने छीनकर फरार
मुजफ्फरपुर। शहर में पुलिस गश्ती और प्रमुख चौराहों पर लगे हाईटेक सीसीटीवी कैमरों के बावजूद झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सिकंदरपुर और अहियापुर थाना क्षेत्रों में बाइक और स्कूटी सवार बदमाशों ने दो महिलाओं को निशाना बनाकर सोने के आभूषण झपट लिए। दोनों वारदातों के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से बाबा गरीबनाथ मंदिर जा रही महिला को बदमाशों ने निशाना बनाया। पीड़िता मुनचुन गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर जा रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाश उनके ई-रिक्शा के पास पहुंचे। स्कूटी पर पीछे बैठे बदमाश ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर करीब 30 ग्राम सोने का मंगलसूत्र और ढोलना छीन लिया। छीने गए आभूषणों की कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद बदमाश तेजी से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, अहियापुर थाना क्षेत्र के जय प्रकाश नगर, पुरानी मोतिहारी रोड में रात करीब नौ बजे एक महिला से सोने की चेन झपट ली गई। महिला मोहल्ले के रास्ते से पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से पैदल आए बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन नोच ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पहले से स्टार्ट बाइक पर मौजूद अपने साथी के साथ बैरिया की ओर फरार हो गया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन दोनों तेजी से भागने में सफल रहे। लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं से शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस दोनों मामलों में सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्ध बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।












