-बीपीएससी परीक्षा में अंजलि ने लहराया परचम, बीडीओ पद पर चयनित होकर बढ़ाया जिले का मान
राजापाकर (वैशाली)। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अंजलि ने जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पद पर हुआ है। चयन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
अंजलि के पिता उपेंद्र सिंह शिक्षक हैं, जबकि माता दीपमाला सुल्तानपुर गांव की निवासी हैं। अंजलि ने अपनी सफलता की मजबूत नींव राजापाकर पश्चिमी टोला निवासी अपने नाना रामानंद प्रसाद सिन्हा और नानी शांति सिन्हा के सानिध्य में रहकर रखी। उनकी सफलता से नाना-नानी बेहद उत्साहित हैं।
अंजलि ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद केंद्रीय विद्यालय, अरुणाचल प्रदेश से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। उस समय उनके नाना अरुणाचल प्रदेश में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे। आगे की पढ़ाई के लिए उन्हें राजस्थान भेजा गया, जहां उन्होंने वनस्थली विद्यापीठ, राजस्थान से स्नातक एवं स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की।

लगातार मेहनत, लगन और अनुशासित तैयारी के बल पर अंजलि ने बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रखंड विकास पदाधिकारी के पद पर चयन सुनिश्चित किया। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, नाना-नानी तथा परिवार के अन्य सदस्यों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया है।
अंजलि की सफलता पर सीएन सिंह, अरविंद कुमार, विनोद कुशवाहा, अनिल कुमार, राजीव कुमार, अमरनाथ चौहान, प्रभात कुमार चौधरी सहित अनेक लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












