-बिहार के शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी: तबादले का रास्ता साफ, जुलाई में शुरू होगी ट्रांसफर प्रक्रिया
पटना। बिहार के सरकारी विद्यालयों में स्थानांतरण का इंतजार कर रहे लाखों शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से तबादला प्रक्रिया में सबसे बड़ी बाधा बनी रेशनलाइजेशन (शिक्षकों का अनुपात निर्धारण) की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके साथ ही शिक्षा विभाग अब जुलाई में बड़े पैमाने पर शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में जुट गया है।
शिक्षा विभाग ने राज्य के करीब 5.88 लाख शिक्षकों का रेशनलाइजेशन पूरा कर लिया है। इस दौरान 76 हजार सरकारी विद्यालयों में विषयवार स्वीकृत पदों, उपलब्ध शिक्षकों की संख्या और वास्तविक आवश्यकता का विस्तृत आकलन किया गया। यही आंकड़े अब तबादले की प्रक्रिया का आधार बनेंगे।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि सभी सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों के पद और उपलब्धता का आकलन पूरा हो चुका है। अब तबादला और नई नियुक्ति की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा तथा जल्द ही ट्रांसफर पोर्टल शिक्षकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
शिक्षा विभाग का मानना है कि नई व्यवस्था से विद्यालयों में शिक्षकों की संतुलित पदस्थापना सुनिश्चित होगी। इससे जहां विषयवार शिक्षकों की कमी दूर होगी, वहीं छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा और लंबे समय से तबादले की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को भी राहत मिलेगी।
अब तक विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि किस विद्यालय में कितने शिक्षकों की आवश्यकता है और कहां जरूरत से अधिक शिक्षक कार्यरत हैं, इसका सटीक डेटा उपलब्ध नहीं था। इसके कारण कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही थी, जबकि कुछ विद्यालयों में आवश्यकता से अधिक शिक्षक पदस्थापित थे। रेशनलाइजेशन पूरा होने के बाद अब यह स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है।
हाल ही में राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत नई शिक्षक तबादला नीति को लागू करने की दिशा में भी तेजी से काम शुरू हो गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार इसी सप्ताह ट्रांसफर पोर्टल सक्रिय किया जा सकता है। पोर्टल शुरू होते ही शिक्षक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के लगभग दो सप्ताह के भीतर स्थानांतरण आदेश जारी किए जाने की तैयारी है। इससे बिहार के लाखों शिक्षकों का लंबे समय से चला आ रहा तबादले का इंतजार जल्द खत्म होने की उम्मीद है।












