-बाबा केवल महराज की पूजा के साथ सकरी मन में सजा भव्य मेला, आस्था का उमड़ा जनसैलाब
मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक।प्रखंड के सकरी मन स्थित बाबा अमरसिंह स्थान में शनिवार को बाबा केवल महराज की पूजा के साथ भव्य मेले का आयोजन किया गया। क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कलश स्थापना के साथ ही पूजा-अर्चना की शुरुआत हुई थी। शाम में नेवतन पूजा का आयोजन किया गया। वहीं शनिवार को बाबा केवल महराज की पूजा पूरे विधि-विधान और धूमधाम के साथ संपन्न हुई।
सुबह से ही श्रद्धालुओं द्वारा बाबा अमरसिंह को दूध एवं गेरूआ अर्पित किया गया, जबकि मां कमला को खोईंच भरकर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।

जिन श्रद्धालुओं की मन्नतें पूर्ण हो चुकी थीं, उन्होंने परंपरा के अनुसार करीब पांच दर्जन बकरों की बलि चढ़ाई। यह परंपरा दशकों से चली आ रही है।
पूजा के साथ-साथ मेले का भी भव्य आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मेले में विभिन्न दुकानों और झूलों ने आकर्षण का केंद्र बने रहे।
शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हत्था थाना के दारोगा चितरंजन प्रसाद पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
इस अवसर पर मुन्नी बैंगरी पंचायत के उपमुखिया शिवनाथ सिंघानियां, पूर्व मुखिया राजेंद्र सहनी, बैजू सहनी, नारायण सहनी, जयकिशन सहनी, नागा सहनी, लालबाबू सहनी, त्रिभुवन सहनी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।









