Advertisement

बड़गांव सरपंच पिटाई कांड में थानाध्यक्ष सस्पेंड, एसएसपी की बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप

–बड़गांव सरपंच पिटाई कांड में थानाध्यक्ष सस्पेंड, एसएसपी की बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बड़गांव सरपंच पिटाई कांड में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पीयर थाना के थानाध्यक्ष रजनीकांत को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई मुजफ्फरपुर पुलिस के एसएसपी के निर्देश पर की गई।
बताया जा रहा है कि बीते दिनों बड़गांव में सरपंच की पिटाई का संगीन आरोप पीयर थानाध्यक्ष पर लगा था। घटना के बाद इलाके में जबरदस्त बवाल मच गया था। आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए थानेदार को घंटों बंधक बना लिया था, जिससे हालात काफी तनावपूर्ण हो गए थे।


सूत्रों के अनुसार, सरपंच के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी की खबर आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते गांव में भीड़ जुट गई और लोगों ने थानाध्यक्ष को घेर लिया। ग्रामीणों के आक्रोश के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई थी और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
मामले ने जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल पैदा कर दी थी। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे। बढ़ते दबाव और प्रारंभिक जांच के बाद एसएसपी ने पूरे प्रकरण को गंभीर मानते हुए थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया। साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में साफ संदेश गया है कि अनुशासनहीनता और कथित दुर्व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि, पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल बड़गांव पिटाई कांड में इसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है।