-बखरी में सिद्धिनाथ महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ: 221 कन्याओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा, गूंजा ‘हर-हर महादेव’
मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी
मुजफ्फरपुर जिले के मुरौल प्रखंड के बखरी ग्राम स्थित नवनिर्मित सिद्धिनाथ महादेव मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के पावन अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में 221 कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ यात्रा में भाग लिया।
कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से शुरू होकर ढोली रैनी घाट तक गई, जहां से पवित्र जल भरकर पुनः मंदिर परिसर पहुंची। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पारंपरिक वेशभूषा में सजी कन्याओं का दृश्य अत्यंत मनोहारी और भावविभोर करने वाला था।

मंदिर परिसर में पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत कलश स्थापना की गई। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि यह कलश यात्रा प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का प्रमुख अंग है, जिससे गांव और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की गई है।
कार्यक्रम में विनोद पांडे, भिखारी पांडे, विमलेश पांडे, मकेश्वर पांडे, रामकृष्ण पांडे, सुधीर कुमार पांडे, रामप्रसाद राय, सुनील कुमार, परशुराम पांडे, अश्ववेनी बाबुल, तरुण कुमार, कुंदन कुमार, अजय पांडे, मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु मौजूद रहे।
तीन दिनों तक चलने वाले इस प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।










