-बंदरा में सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम की शुरुआत, 27 फरवरी तक घर-घर खिलाई जाएगी दवा
मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड में संचालित सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार को बंदरा बीडीओ आमना वसी ने स्वयं दवा खाकर की। इस मौके पर उन्होंने प्रखंड के विभिन्न स्कूलों के प्रधानाध्यापकों, विकास मित्रों और स्वास्थ्य कर्मियों को अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम 10 से 27 फरवरी तक लगातार चलेगा। प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नौशाद अहमद ने बताया कि दो वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के सभी लोगों को दवा खिलाई जानी है। इसके लिए प्रतिदिन अभियान चलाया जाएगा ताकि कोई भी व्यक्ति छूट न सके।

अभियान को सफल बनाने के लिए 78 आशा कार्यकर्ताओं की टीमें बनाई गई हैं, जिनकी निगरानी के लिए 6 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। प्रत्येक टीम में दो सदस्य शामिल हैं। 14 दिनों तक घर-घर जाकर दवा सेवन कराया जाएगा, जबकि तीन दिन स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों पर बूथ बनाकर लोगों को दवा दी जाएगी।
बुधवार को प्रखंड के 78 आंगनबाड़ी केंद्रों पर मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों और ग्रामीणों से अभियान में सहयोग करने और समय पर दवा लेने की अपील की है, ताकि बीमारियों से बचाव सुनिश्चित हो सके।












