Advertisement

फरार पति-ससुर के घर महिला पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार, दहेज उत्पीड़न व घरेलू हिंसा मामले में कोर्ट का सख्त रुख

फरार पति-ससुर के घर महिला पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार, दहेज उत्पीड़न व घरेलू हिंसा मामले में कोर्ट का सख्त रुख

मुजफ्फरपुर।
मुसहरी थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न एवं घरेलू हिंसा के मामले में फरार चल रहे अभियुक्तों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की। गुरुवार को महिला थाना पुलिस ने ढोल-नगाड़े के साथ गांव में मुनादी कर फरार आरोपितों को जल्द न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, मुसहरी थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने अपने पति और ससुर पर दहेज प्रताड़ना एवं घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए महिला थाना, मुजफ्फरपुर में कांड संख्या 49/25 दर्ज कराया था। मामले की सुनवाई के दौरान व्यवहार न्यायालय ने दोनों अभियुक्तों के लगातार फरार रहने पर उनके घर पर इश्तेहार चिपकाने का आदेश दिया।


न्यायालय के निर्देश के आलोक में महिला थानाध्यक्ष सविता कुमारी पुलिस बल के साथ मुसहरी थाना के सहयोग से माधोपुर गांव पहुंचीं और फरार अभियुक्त अविनाश त्रिवेदी (पिता-सुधीर त्रिवेदी) तथा सुधीर त्रिवेदी (पिता-जोगिंदर त्रिवेदी) के घर पर इश्तेहार चिपकाया। पुलिस ने मुनादी कर ग्रामीणों को जानकारी दी कि दोनों आरोपित फरार हैं और जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इश्तेहार के बाद भी यदि अभियुक्त न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान गांव में काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और पुलिस की कार्रवाई को देखते रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं से जुड़े मामलों में फरार आरोपितों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है और कानूनन कार्रवाई जारी है।