Advertisement

प्रेम विवाह से नाराज दारोगा पर भतीजी के पति की हत्या का आरोप, फिर खुद को मारी गोली

-प्रेम विवाह से नाराज दारोगा पर भतीजी के पति की हत्या का आरोप, फिर खुद को मारी गोली

दरभंगा। जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में शुक्रवार की अहले सुबह रिश्तों, गुस्से और हिंसा से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई। पटना पुलिस में तैनात दारोगा मो. मोबिन पर अपनी भतीजी के पति सुनील सहनी की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद दारोगा ने कथित तौर पर अपनी सरकारी पिस्टल से खुद के सिर में गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल दारोगा का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतक सुनील सहनी ने करीब तीन वर्ष पहले गांव के मो. बिहारी की बेटी सानिया से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों अहमदाबाद में रहकर नौकरी करते थे। दो दिन पहले ही दोनों अपने गांव लौटे थे। इसके बाद सानिया अपने मायके चली गई, जबकि सुनील अपने घर पर रह रहा था।


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दारोगा मो. मोबिन कथित तौर पर इस अंतरधार्मिक प्रेम विवाह से नाराज था। बताया जा रहा है कि मोहर्रम की छुट्टी पर गांव आए दारोगा ने शुक्रवार सुबह सुनील को ताजिया और मोहर्रम का खेल दिखाने के बहाने घर से बाहर बुलाया। आरोप है कि बाहर निकलते ही सुनील पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद दारोगा ने कथित तौर पर अपनी सरकारी पिस्टल से खुद के सिर में गोली मार ली। स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस हत्या में अन्य लोगों की संलिप्तता, हमले के पूरे घटनाक्रम और घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में प्रेम विवाह को विवाद की मुख्य वजह माना जा रहा है, लेकिन मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल हत्या और आत्महत्या के प्रयास सहित पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।