-प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित, मुफ्त रजिस्ट्रेशन की घोषणा
राजापाकर/वैशाली | संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर प्रखंड के बखरी बड़ाई पंचायत अंतर्गत बखरी ग्राम स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय उर्दू परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए भव्य विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया अरशद हुसैन ने की, जबकि संचालन समाजसेवी अजय मालाकार ने किया।
इस अवसर पर इंटर और मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आदित्य कुमार, आर्यन कुमार, विकास कुमार, सृष्टि श्री, दिव्यांशु कुमार, एहसान अली, नेहा कुमारी, कौशल कुमार समेत कई छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथियों द्वारा मेडल और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षाविद चतुर्भुज प्रसाद सिंह ने कहा कि बच्चे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और ऐसे सम्मान समारोह से उनका मनोबल बढ़ता है। उन्होंने कहा कि अन्य पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी इस पहल से प्रेरणा लेनी चाहिए, ताकि गरीब और असहाय परिवारों के बच्चे भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें।

मुखिया अरशद हुसैन ने घोषणा की कि इंटर के बाद डिग्री कॉलेज में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन निशुल्क किया जाएगा। वहीं मीणा बसकित राय डिग्री कॉलेज के सचिव बसकित राय ने भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “आधी रोटी खाएंगे, लेकिन बच्चों को जरूर पढ़ाएंगे।” उन्होंने कॉलेज में नामांकन लेने वाले छात्रों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस पूरी तरह माफ करने और अन्य खर्चों में 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की।
इस घोषणा का उपस्थित छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने तालियों के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में अरशद हुसैन, बसकित राय, चतुर्भुज प्रसाद सिंह, राज नारायण महतो, सरिता कुमारी, अनिल कुमार राय, विकास कुमार, विनय कुमार विक्रम, कमलेश पासवान, गौतम शाह, चंदेश्वर प्रसाद गुप्ता, अर्जुन राय, चंदन यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।











