-पुराने साल की विदाई एवं नए साल के स्वागत में गांवों में गूंजते रहे ईश्वर भक्ति के बोल,खगेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ती रही श्रद्धालुओं की भीड़
बन्दरा।दीपक।
पुराने साल की समाप्ति और नए साल के आगाज के मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में अखंड अष्टयाम,शिव आराधना, राम धुन,भक्ति कार्यक्रम जैसे अनुष्ठान आयोजित किए गए। स्थानीय ग्रामीणों एवं आयोजकों का बताना है कि भक्ति पूर्ण माहौल में अच्छे,साकारात्मक एवं धार्मिक विचारों के बीच पुराने साल के समापन और नए साल के स्वागत के लिए स्थानीय लोगों एवं ग्रामीणों के सहमति-सहभागिता से यह अनुष्ठान आयोजित किए गए। ईश्वर से नए साल में उन्नति, सुरक्षा और सामाजिक समरसता की कामना की गयी।बन्दरा प्रखंड के सकरी मन ब्रह्मस्थान परिसर, मतलूपुर बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर परिसर, बरियारपुर में शिव शक्ति धाम सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर ऐसे अनुष्ठान का आयोजन किया गया।

जहां भक्ति पूर्ण माहौल में पुराने साल की विदाई और नए साल का स्वागत किया गया। नववर्ष के मौके पर अतिप्राचीन बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए अहले सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। क्षेत्र के अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गयी।यहां मेला भी आयोजित किये गए थे। क्षेत्र की सड़कों पर बाइकर्स युवाओं एवं साइकिल सवार किशोरों को स्टंट करते देखा गया।कई इलाकों में युवाओं ने सड़कों पर हैप्पी न्यू इयर के पेंटिंग,रंगोली या विशेज लिखकर इस इंजॉय किया।इलाके में बूढ़ी गंडक नदी के ढाब आदि प्राकृतिक वन क्षेत्र में भी कई लोगों को पिकनिक-पार्टी मनाते देखा गया। कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजन स्थलों पर राधा-कृष्ण आदि देवी-देवताओं की झांकियां भी सजाई गई। जिनका दर्शन-पूजन और परीक्षण कर रही महिलाएं एवं मौजूद श्रद्धालु काफी उत्साहित थी।












