Advertisement

धनबाद:रामनवमी जुलूस पर पथराव मामले में सख्ती, 20 आरोपी गिरफ्तार, इलाके में कड़ी सुरक्षा

-धनबाद:रामनवमी जुलूस पर पथराव मामले में सख्ती, 20 आरोपी गिरफ्तार, इलाके में कड़ी सुरक्षा

धनबाद से सतेंद्र सिंह की रिपोर्ट:
धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखराजपुर में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए पथराव और मारपीट मामले में पुलिस-प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। घटना के बाद से लगातार कार्रवाई करते हुए अब तक करीब 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को बलियापुर बाजार और भिखराजपुर इलाके में कड़ी सुरक्षा के बीच पैदल घुमाया, ताकि आम लोगों के बीच स्पष्ट संदेश जाए कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


घटना के बाद धनबाद के डीसी और एसएसपी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में 40 से 50 लोगों को नामजद किया गया है और अब तक 18 से 20 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। शेष आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर लगातार पुलिस गश्त की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।