Advertisement

दलित समाज झुकेगा नहीं, टूट सकता है : पूर्व केंद्रीय मंत्री

-दलित समाज झुकेगा नहीं, टूट सकता है : पूर्व केंद्रीय मंत्री

-केंद्र व राज्य सरकारों पर लगाया दलित विरोधी होने का आरोप

वैशाली (मोहन कुमार सुधांशु)।

पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने गोरौल प्रखंड में आयोजित वीर शिरोमणि चौहरमल एवं बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में केंद्र और राज्य सरकारों को दलित विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि “दलित समाज झुक नहीं सकता, वो टूट सकता है। ये स्वाभिमानी होते हैं और सदियों से चौकीदारी व दफादारी करते आ रहे हैं, लेकिन सरकारें इन्हें दरकिनार कर रही हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारें चौकीदार और दफादार की बहाली की बजाय सामान्य वर्ग की वैकेंसी निकाल रही हैं, जिससे दलितों के हक को अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने दलित आरक्षण को एक “धोखा” बताया और कहा कि सरकार का यह रवैया दलित समाज को कमजोर करने वाला है।

शराबबंदी पर भी दी प्रतिक्रिया:

शराबबंदी पर बोलते हुए पारस ने कहा कि वे इसके खिलाफ नहीं हैं, लेकिन सरकार से मांग की कि शराबबंदी में जेल गए गरीबों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जल्द सुनवाई की जाए।

समारोह में उमड़ा जनसैलाब:

कार्यक्रम में पूर्व प्रत्याशी अजय कुशवाहा ने कहा कि “बाबा साहब और वीर चौहरमल की कृतियाँ स्वयं में मिसाल हैं, हमें उनके आदर्शों पर चलने की आवश्यकता है।”
नगर पंचायत की उप मुख्य पार्षद धनमती देवी ने समाज में एकता को सर्वोपरि बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत वीर चौहरमल की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना से हुई। वैशाली की सांसद वीणा देवी भी समारोह में शामिल हुईं और आयोजन को बेहतर बनाने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर परंपरागत हथियारों के साथ जगह-जगह से जुलूस निकाल कर वीर चौहरमल के अनुयायी समारोह स्थल पर पहुँचे। दो दिवसीय ग्रामीण मेले का भी आयोजन किया गया।

अतिथियों का भव्य स्वागत:

पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस का नगर पंचायत उप मुख्य पार्षद धनमती देवी ने शॉल और तलवार देकर स्वागत किया। दलित सेना के प्रदेश अध्यक्ष धनश्याम दाहा, अजय कुशवाहा, डॉ. सत्यनारायण पासवान सहित कई गणमान्य लोगों ने भी शॉल ओढ़ाकर अतिथियों का सम्मान किया।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व मुखिया हरिबंश पासवान ने किया, जबकि अध्यक्षता मिंटू पासवान ने की।
लोजपा (पारस गुट) के महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष संजू चंद्रा, अनामिका पासवान, अंजू पासवान समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।