-दरभंगा स्टेशन पर मानवीय संवेदना की मिसाल, प्लेटफॉर्म पर हुआ सुरक्षित प्रसव
दरभंगा। पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल अंतर्गत दरभंगा रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक सराहनीय और मानवीय घटना सामने आई। सुबह लगभग 09:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई, जिससे वहां मौजूद यात्रियों में हलचल मच गई।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मेडिकल टीम को तुरंत मौके पर बुलाया। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में महिला का प्लेटफॉर्म पर ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। विशेष बात यह रही कि प्रसव ब्रीच प्रेजेंटेशन की जटिल स्थिति में हुआ, बावजूद इसके एक स्वस्थ कन्या शिशु का जन्म हुआ।

प्रसव के बाद माँ और नवजात दोनों की स्थिति स्थिर पाई गई। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए दोनों को दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला मधुबनी जिले के पौड़ी निवासी श्री एम.डी. इसराइल की पत्नी हैं।
रेलवे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और मेडिकल टीम की कुशलता के चलते एक संभावित जोखिम भरी स्थिति को सुरक्षित तरीके से संभाल लिया गया। यह घटना रेलवे की संवेदनशीलता और यात्रियों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
समस्तीपुर मंडल ने एक बार फिर साबित किया है कि वह यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय तैयार है।












