-तिरहुत MLC चुनाव: जन सुराज के डॉ. विमोहन और श्याम नंदन यादव ने दाखिल किया नामांकन
मुजफ्फरपुर। तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए बुधवार को प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन मंगलवार को एक भी अभ्यर्थी ने पर्चा दाखिल नहीं किया था। बुधवार को जन सुराज समर्थित प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपना नामांकन दाखिल किया।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. विमोहन ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी श्याम नंदन यादव ने भी पर्चा भरा। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर विशेष रूप से मौजूद रहे।

नामांकन को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में समर्थक और पार्टी के प्रमुख नेता समाहरणालय परिसर के आसपास मौजूद रहे। इस दौरान प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी भी की गई।
जन सुराज की ओर से तिरहुत क्षेत्र की शिक्षक और स्नातक, दोनों सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की रणनीति के तहत प्रत्याशियों को मैदान में उतारा गया है। नामांकन के दौरान पार्टी नेताओं ने चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों और संगठनात्मक सक्रियता का प्रदर्शन किया।












