-ड्राइवर की सूझबूझ से टली कैश वैन लूट, हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के रानीपोखर चौक पर बुधवार दोपहर कैश वैन लूट की एक बड़ी वारदात चालक की बहादुरी और सूझबूझ के कारण टल गई। कैश वैन में सवार एक हथियारबंद आरोपी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब एक बजे एक तेज रफ्तार कैश वैन रानीपोखर चौक पर पहुंचकर अचानक रुक गई। वाहन चालक गाड़ी से उतरकर जोर-जोर से मदद की गुहार लगाने लगा। चालक की आवाज सुनते ही चौक पर मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसी दौरान लोगों को पता चला कि कैश वैन के अंदर एक हथियारबंद व्यक्ति मौजूद है, जिसने चालक की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर वाहन को हाईजैक करने का प्रयास किया था।
घटना की सूचना मिलते ही चौक से कुछ ही दूरी पर स्थित रानीपोखर ओपी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी समेत कैश वैन को अपने कब्जे में लेकर ओपी ले गए। बाद में मामले की सूचना सराय थाना पुलिस को दी गई। सराय थाना की टीम पहुंचकर आरोपी को अपने साथ ले गई तथा चालक, सुरक्षा कर्मियों और कैश वैन से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ शुरू की।

जानकारी के अनुसार हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग पर कनकटा चौक के समीप कुछ हथियारबंद अपराधियों ने कैश वैन को रोक लिया था। बताया जाता है कि अपराधियों में से एक ने चालक से गेट खुलवाकर वाहन में प्रवेश किया और उसकी कनपटी पर पिस्तौल सटा दी। इसके बाद उसने चालक को पानापुर की ओर वाहन ले जाने का निर्देश दिया।
लेकिन चालक ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को सुनसान इलाके की ओर ले जाने के बजाय सीधे मुख्य मार्ग पर दौड़ाया और रानीपोखर चौक जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर लाकर रोक दिया। भीड़ जुटते ही आरोपी घिर गया और पुलिस के पहुंचने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि लूट की साजिश में कुल कितने लोग शामिल थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दिनभर इस साहसिक घटनाक्रम की चर्चा होती रही।












