Advertisement

ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

-ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

मुजफ्फरपुर। शहर के काजी मुहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित मंझोलिया रोड के शिवपुरी मोहल्ले में शुक्रवार देर रात ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान धू-धू कर जल उठी और दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए बिजली विभाग के कनीय अभियंता को कई बार फोन किया गया, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके। लोगों का आरोप है कि कई बार कॉल करने के बावजूद भी फोन रिसीव नहीं किया गया। इसके बाद काजी मुहम्मदपुर थाना और फायर स्टेशन को घटना की सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि आग में दुकान का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि नुकसान का आकलन किया जा रहा है।