-जनता दरबार में विधायक महेंद्र राम ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश
राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)।
राजापाकर प्रखंड कार्यालय परिसर में पंचायत समिति की बैठक समाप्ति के बाद विधायक महेंद्र राम द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
जनता दरबार में प्रखंड अनुरक्षक संघ के दर्जनों सदस्यों ने अनुरक्षक पप्पू कुमार के नेतृत्व में आवेदन सौंपते हुए शिकायत की कि नल-जल योजना के तहत उनकी जमीन पर टावर लगाए गए हैं, लेकिन भुगतान उनके खाते में न जाकर वार्ड एवं सचिव के खाते में चला जाता है, जिससे उन्हें राशि नहीं मिलती। अनुरक्षकों ने सरकार से सीधे उनके खाते में भुगतान की व्यवस्था करने की मांग की। इस पर विधायक ने बताया कि सरकारी नियम के अनुसार राशि वार्ड क्रियान्वयन समिति के खाते में ही जाती है, लेकिन इस समस्या को वे आगामी विधानसभा सत्र में उठाएंगे। उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिया कि जो वार्ड सदस्य अनुरक्षकों को भुगतान नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। बीडीओ ने एक सप्ताह का समय देते हुए भुगतान नहीं होने पर प्राथमिकी दर्ज करने की चेतावनी दी।

विधायक ने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी को वार्ड सदस्यों और अनुरक्षकों की बैठक बुलाकर समीक्षा करने तथा समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। वहीं, राजापाकर स्वास्थ्य केंद्र में सफाई कर्मियों को समय पर मानदेय नहीं मिलने की शिकायत पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय को एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने वाले रास्ते की समस्या के समाधान के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी भी दी गई।
जीविका समूह की महिलाओं द्वारा भुगतान नहीं मिलने की शिकायत पर प्रखंड जीविका पदाधिकारी राजकुमार शाह ने बताया कि आधार-खाता की गड़बड़ी के कारण भुगतान अटका है, जिसे दुरुस्त कर मार्च से पहले सभी बकाया राशि खातों में भेज दी जाएगी। पीएचडी द्वारा संचालित नल-जल योजना में पानी आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर जेई को तत्काल जांच कर जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया गया।
मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष अवधेश राय, भीम कुमार, अशोक सिंह, विजय कुमार राय, सुबोध कुमार सिंह, गुड्डू सिंह, बजरंग प्रसाद सिंह, मानो सिंह, शिवनाथ सिंह, मुकेश पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











