-छपरा में खाकी शर्मसार: ड्यूटी पर दरोगा की शराब पार्टी, 5 गिरफ्तार, नाका प्रभारी सस्पेंड
छपरा, बिहार – अपराध से जूझ रहे छपरा शहर में पुलिस की ड्यूटी के दौरान शराब पार्टी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भगवान बाजार थाना क्षेत्र के गंडक कॉलोनी स्थित नाका नंबर-1 (TOP-1) पर तैनात पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करते पकड़े गए। मामले में नाका प्रभारी दरोगा श्याम बिहारी पांडे समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सारण के एसएसपी डॉ. कुमार आशीष ने घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। दरोगा श्याम बिहारी पांडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, साथ ही 7 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। वहीं गृह रक्षक सिपाही विराट राज आनंद को सेवा से आजीवन वंचित कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई के लिए गृह रक्षा वाहिनी को भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि 29 मई को गुप्त सूचना के आधार पर भगवान बाजार थाना क्षेत्र के नाका नंबर-1 में छापेमारी की गई, जहां पांच लोग शराब का सेवन करते हुए पाए गए। ब्रेथ एनालाइजर जांच में सभी के शराब पीने की पुष्टि हुई। मौके से 180 एमएल की दो बोतल अंग्रेजी शराब और 600 एमएल विदेशी शराब सहित 6 गिलास बरामद किए गए।

इस मामले में गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक श्याम बिहारी पांडे, गृह रक्षक विराट राज आनंद, आशीष कुमार मिश्रा, पवन कुमार चंदन और अनिल कुमार शामिल हैं। सभी के खिलाफ भगवान बाजार थाना में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि बीते तीन दिनों में छपरा में तीन हत्या की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे शहर में सनसनी फैली हुई है। गंडक कॉलोनी, जहां शराब पार्टी हुई, वहीं एक जाति विशेष के युवक की हत्या भी हाल ही में हुई थी। ऐसे में पुलिसकर्मियों द्वारा इस तरह की लापरवाही ने आमजन में आक्रोश और बढ़ा दिया है।
जनता का सवाल:
जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो अपराध कैसे रुकेगा? क्या ऐसे पुलिसकर्मियों पर सिर्फ निलंबन ही काफी है?
#छपरा #बिहारपुलिस #शराबपार्टी #दरोगागिरफ्तार #LawAndOrder #PoliceScandal #ChhapraNews #CrimeInBihar








