-छठ महापर्व पर CM सम्राट चौधरी ने किया देव सूर्य मंदिर के विकास कार्यों का उद्घाटन
-14.78 करोड़ रुपये हुए खर्च
-वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से तरारी के प्राचीन सूर्य मंदिर परिसर को मिली विकास योजनाओं की सौगात
-मंगल भवन, छठ घाट, पाथ-वे और मुख्य द्वार का हुआ निर्माण
पटना(दीपक कुमार तिवारी)। छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को भोजपुर जिले के तरारी स्थित प्राचीन देव सूर्य मंदिर परिसर के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 14.78 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का रिमोट के जरिए उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भगवान सूर्य ऊर्जा के शाश्वत स्रोत हैं। बिहार में सदियों से सूर्य उपासना की परंपरा चली आ रही है।
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ बिहार का प्रमुख पर्व है। यह हमारी गहरी लोक आस्था, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस महापर्व में लोग पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान भास्कर की आराधना करते हैं। भगवान सूर्य समस्त सृष्टि को जीवन और ऊर्जा प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देव सूर्य मंदिर अत्यंत प्राचीन और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां काफी पुरानी मूर्तियां स्थापित हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर का विकास होने से धार्मिक पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और इस धार्मिक स्थल की महत्ता और बढ़ेगी।
पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में जी+1 मंगल भवन का निर्माण कराया गया है। इससे शादी-विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यों के आयोजन के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के ठहरने तथा विश्राम करने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा छठ घाट, चहारदीवारी, पाथ-वे और आकर्षक मुख्य द्वार का निर्माण कराया गया है। इन सुविधाओं से मंदिर परिसर अधिक सुंदर और व्यवस्थित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न घाटों का निर्माण और विकास कराया जा रहा है, ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही राज्यवासियों से छठ महापर्व को पूरी श्रद्धा, शांति और सद्भाव के साथ मिल-जुलकर मनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने भगवान भास्कर से बिहार की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना भी की।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा, संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार सिंह सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सांसद, विधायक, भोजपुर के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग जुड़े।












