Advertisement

घोसरामा में मेधावियों का सम्मान, छात्र-छात्राओं को मिला पुरस्कार और प्रोत्साहन

-घोसरामा में मेधावियों का सम्मान, छात्र-छात्राओं को मिला पुरस्कार और प्रोत्साहन

मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक।
प्रखंड के मतलूपुर पंचायत अंतर्गत घोसरामा गांव में रविवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इंटर एवं मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर गांव के बुद्धिजीवी, अभिभावक एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह में मैट्रिक परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली अदिति कुमारी, गुंजा कुमारी समेत कुल 11 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। वहीं इंटर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शाहजहां खातून, चांदनी कुमारी एवं काजल कुमारी को मोमेंटो के साथ आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा लगभग दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं को मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेंटर जयप्रकाश झा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं किसी भी मायने में कम नहीं हैं, उन्हें केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं, जो समाज के लिए गर्व की बात है। ऐसे आयोजन छात्रों के मनोबल को बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
समारोह के दौरान सम्मानित हुए छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
मौके पर विकास झा, शिक्षक अजीत कुमार, अर्जुन सर, राहुल भगत, मुस्कान कुमारी, संजय ठाकुर, मतलूपुर पंचायत के उपसरपंच राजेश झा, कौशल किशोर ठाकुर, रंजीत ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।