Advertisement

गर्मी से पहले मुजफ्फरपुर में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज, डीएम ने 16 मरम्मती दलों को किया रवाना

-गर्मी से पहले मुजफ्फरपुर में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज, डीएम ने 16 मरम्मती दलों को किया रवाना

मुजफ्फरपुर, 6 मार्च 2026।दीपक।

गर्मी की दस्तक के साथ ही मुजफ्फरपुर जिले में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के सहयोग से खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने समाहरणालय परिसर से 16 मरम्मती दलों को हरी झंडी दिखाकर उनके निर्धारित क्षेत्रों के लिए रवाना किया। ये टीमें जिले के विभिन्न प्रखंडों में जाकर खराब पड़े चापाकलों की पहचान कर उनकी मरम्मत करेंगी और जो चापाकल अत्यधिक जर्जर हैं उन्हें हटाने की कार्रवाई भी करेंगी।
जिलाधिकारी ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में मरम्मत कार्य की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में किसी भी व्यक्ति को पेयजल की किल्लत नहीं होनी चाहिए और सभी खराब चापाकलों को जल्द से जल्द ठीक किया जाए। जो चापाकल मरम्मत योग्य हैं उन्हें तुरंत ठीक किया जाए, जबकि अत्यधिक जर्जर चापाकलों को हटाकर नई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मरम्मती दलों के संचालन के लिए प्रत्येक प्रखंड में एक वाहन पर तीन मैकेनिकों की टीम तैनात की गई है। जिन प्रखंडों में पंचायतों की संख्या अधिक है, वहां अतिरिक्त टीमों को लगाया गया है। मुजफ्फरपुर डिवीजन के अंतर्गत मुसहरी, सकरा, औराई, गायघाट और कटरा प्रखंडों में दो-दो मरम्मती टीमों की तैनाती की गई है। वहीं मोतीपुर डिवीजन के अंतर्गत कुढ़नी, सरैया, मोतीपुर, पारु और मीनापुर प्रखंडों में भी दो-दो टीमों को लगाया गया है।


मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना के तहत घर-घर लगाए गए नलों से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। आम लोग पेयजल संबंधी शिकायत, सुझाव या समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18001231121 और 18003451121 पर कॉल कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष भी बनाए गए हैं। मुजफ्फरपुर डिवीजन के लिए 0621-2242445 तथा मोतीपुर डिवीजन के लिए 06223-291255 नंबर जारी किए गए हैं। लोग एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से भी 8544429082 और 8544429024 नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत भेजते समय वार्ड संख्या, गांव, पंचायत, प्रखंड, जिला, शिकायतकर्ता का नाम और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से लिखना होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि पंचायत स्तर पर विकास मित्र और पंचायत सचिवों को भी इस अभियान से जोड़ा गया है, जो अपने क्षेत्रों में खराब चापाकलों की सूची तैयार कर रहे हैं। इसी आधार पर मरम्मती टीमों को भेजकर समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गर्मी शुरू होने से पहले अधिकतम समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा, ताकि जिले के सभी क्षेत्रों में लोगों को शुद्ध पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके और किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।