Advertisement

खेत में लटका 11 हजार वोल्ट का तार, किसानों में दहशत: शिवदाहा में फसल कटाई प्रभावित

-खेत में लटका 11 हजार वोल्ट का तार, किसानों में दहशत: शिवदाहा में फसल कटाई प्रभावित

गायघाट, मुजफ्फरपुर | दीपक कुमार
गायघाट प्रखंड के शिवदाहा पंचायत क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार खेतों के ऊपर काफी नीचे लटक जाने से किसानों के बीच भय का माहौल बना हुआ है। यह स्थिति न केवल खेती कार्य में बाधा उत्पन्न कर रही है, बल्कि कभी भी बड़े हादसे की आशंका को भी जन्म दे रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत समिति पति विजय कुमार राय, चंद्रशेखर उपाध्याय, संतोष यादव समेत कई किसानों की फसल पूरी तरह तैयार है, लेकिन खेत में झूल रहे हाईटेंशन तार के कारण कटाई का काम ठप पड़ गया है। किसानों और मजदूरों को खेत में जाने से डर लग रहा है, जिससे उनकी मेहनत की फसल बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस गंभीर समस्या को लेकर बिजली विभाग को कई बार मौखिक शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि तार इतना नीचे झूल रहा है कि यह इंसानों के साथ-साथ मवेशियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।


किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कराने की मांग की है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके और समय रहते फसल की कटाई हो सके।
वहीं, इस मामले पर जेई ललित कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। उन्होंने संबंधित टीम को मौके पर भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही तार को ठीक कर सुरक्षित ऊंचाई पर कर दिया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी अन्य समस्याओं की भी तत्काल सूचना विभाग को दें, ताकि प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा सके।