Advertisement

कोसी नदी में डूबने से तीन किशोरों की मौत, नहाने गए पांच दोस्तों में मचा कोहराम

–कोसी नदी में डूबने से तीन किशोरों की मौत, नहाने गए पांच दोस्तों में मचा कोहराम

भागलपुर। कोसी नदी की तेज धारा और गहराई ने तीन मासूम किशोरों की जिंदगी छीन ली। नहाने गए पांच दोस्तों में से तीन नदी की लहरों में समा गए, जबकि दो किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है।
घटना महेशपुर गांव की है, जहां रविवार दोपहर पांच दोस्त गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने गए थे। मस्ती-मजाक के बीच वे धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते तीन किशोर तेज धारा में फंस गए।
मृतकों की पहचान वार्ड नंबर 13 निवासी कैप्टन यादव के पुत्र लक्ष्मण कुमार (13), पिंटू यादव के पुत्र युवराज कुमार उर्फ प्रीतम (14) और शंकर शर्मा के पुत्र नयन कुमार (12) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दो साथी किसी तरह हाथ-पांव मारते हुए किनारे तक पहुंच गए, लेकिन बाकी तीनों किशोर नदी की गहराई में डूब गए।

घबराए बच्चों ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद सैकड़ों ग्रामीण नदी किनारे जमा हो गए। सूचना मिलने पर नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। थानाध्यक्ष केशव चंद्रा ने तुरंत राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को सूचना दी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नवगछिया क्षेत्र में एनडीआरएफ की स्थायी टीम नहीं होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी देर हो जाती है। इस हादसे में भी बचाव दल करीब पांच घंटे बाद मौके पर पहुंच सका। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर बचाव टीम पहुंच जाती तो शायद बच्चों की जान बच सकती थी।
आखिरकार एनडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाशी अभियान चलाकर तीनों किशोरों के शव बरामद कर लिए। इस दर्दनाक घटना के बाद महेशपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में जहां कुछ देर पहले बच्चों की हंसी गूंज रही थी, वहां अब सन्नाटा और आंसुओं का माहौल है।