Advertisement

एमाले नेतृ रुणा झा की ‘घर वापसी’, नेपाली कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण

-एमाले नेतृ रुणा झा की ‘घर वापसी’, नेपाली कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण

जनकपुरधाम (मिश्री लाल मधुकर)।
नेकपा एमाले की वरिष्ठ नेतृ एवं जनकपुरधाम उप-महानगरपालिका से पूर्व उपमेयर प्रत्याशी रुणा झा ने रविवार को नेपाली कांग्रेस में शामिल होकर ‘घर वापसी’ की। मिल्स एरिया स्थित पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं नेपाली कांग्रेस के पूर्व महामंत्री विमलेन्द्र निधि के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
सदस्यता ग्रहण समारोह के दौरान विमलेन्द्र निधि ने कहा कि रुणा झा के कांग्रेस में आने से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और जनाधार का लाभ संगठन को मिलेगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि धनुषा क्षेत्र-3 से सांसद उम्मीदवार विमलेन्द्र निधि को आगामी चुनाव में इसका सीधा फायदा मिल सकता है।
रुणा झा ने भी कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास जताते हुए क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
इस अवसर पर विधायक राम सरोज यादव, नेपाली कांग्रेस धनुषा जिला अध्यक्ष योगेन्द्र पंजियार, जनकपुरधाम के मेयर मनोज कुमार साह, मैथिली विकास कोष के अध्यक्ष जीवनाथ चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।