-Breaking:बेनीबाद में कंटेनर से 1486 लीटर विदेशी शराब व बीयर बरामद, चालक-उपचालक गिरफ्तार
दीपक कुमार/गायघाट
गायघाट। बेनीबाद थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-27 पर थाना के सामने एक कंटेनर से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने कंटेनर से कुल 150 कार्टन में 1486.44 लीटर शराब व बीयर बरामद करने के साथ चालक और उपचालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर के अंदर तहखाना बनाकर शराब की खेप छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर बेनीबाद पुलिस ने एनएच-27 पर वाहन की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर बने गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ओडिशा निवासी रघुनाथ सहनी और बंदरा प्रखंड के पियर थाना क्षेत्र निवासी रूपेश राम के रूप में हुई है। पुलिस ने कंटेनर को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शराब को छिपाकर ले जाने के लिए कंटेनर में विशेष व्यवस्था की गई थी। बरामद शराब की कीमत का आकलन किया जा रहा है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
मामले में पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।












