-बाढ़-बरसात के एन वक्त में सकरी मन एपीएचसी में चिकित्सक पद हुआ रिक्त,प्रभारी का स्थानांतरण
मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।
विशेष कार्य पदाधिकारी,स्वास्थ्य विभाग पटना के पत्र के आलोक में बंदरा प्रखंड के अंतर्गत सकरी मन अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात होम्योपैथी आयुष चिकित्सक डॉ. जमील अहमद को मुजफ्फरपुर राजकीय आरबीटीएस होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज अस्पताल पदस्थापित किया है।इस संदर्भ में डॉ. अहमद को अपना प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बंदरा को सौंपने को कहा गया है। ज्ञात हो कि सकरी एपीएचसी में एकमात्र होम्योपैथी चिकित्सक थे। इनके प्रभार में कई सालों से इनके प्रभार में यह एपीएचसी था। उनके स्थानांतरण के बाद सकरी मन एपीएचसी का प्रभार रिक्त हो गया है।यहां अब कोई चिकित्सक नहीं है। ऐसी स्थिति में क्षेत्र की करीब एक लाख से ज्यादा की आबादी की चिकित्सा व्यवस्था भगवान भरोसे हो गई है।

बाढ़-बरसात को लेकर जहां पूर्व तैयारी के दावे किए जा रहे हैं।चिकित्सकों की तैनाती की जा रही हैं। छुट्टीयां रद्द करने की घोषणा की है।वहीं ऐसे में प्रखण्ड क्षेत्र की अति बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्र की एपीएचसी से चिकित्सक के स्थानांतरण को लेकर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है।लोगों ने स्थायी चिकित्सक की तैनाती की मांग की है।राजद विधायक निरंजन राय ने बिना दूसरे चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति के पूर्व चिकित्सक के स्थानांतरण पर नाराजगी जताई है।उन्होंने कहा कि ऐसे में क्षेत्र की चिकित्सा व्यवस्था बाधित हो गयी है।वे सरकार के स्तर पर इसकी शिकायत करेंगे।










