-17प्रतिशत लोग हैं फाइलेरिया ग्रसित,उन्मूलन को 12 से चलेगा विशेष अभियान
बंदरा। दीपक कुमार तिवारी।
प्रखंड एवं आसपास के क्षेत्रों में तकरीबन 16-17प्रतिशत लोग फाइलेरिया से ग्रसित हैं। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बन्दरा बीआरसी में बुधवार को किया गया। जिसमें फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। शिक्षकों को बताया गया कि 12 दिसंबर से फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर विशेष अभियान की शुरुआत की जानी है। जिसमें 2 साल के अधिक उम्र के बच्चे से लेकर सभी उम्र के व्यक्तियों को फाइलेरिया की दवा खिलानी है।

प्रशिक्षक डॉ प्रवीण कुमार एवं डॉ सुरेश कुमार ने बताया कि असाध्य रोगों से ग्रसित मरीजों को यह दवा नहीं दी जाती है,उन्हें कमसे कम एक सप्ताह तक यह दवा नहीं लेनी है,लेकिन फाइलेरिया से ग्रसित लोगों को रोग से मुक्ति के लिए लगातार 5 सालों तक यह दवा खिलानी पड़ेगी।उन्होंने बताया कि 2 से 5 साल के बच्चों को एक गोली, 5 से 14 साल के बच्चों को दो गोली तथा 15 साल से ऊपर के लोगों को तीन गोली खिलाई जानी है। वही अल्बेंडाजोल की टेबलेट पर सभी को खिलाया जाना है। स्कूलों में खासतौर से इस अभियान की शुरुआत करने को लेकर सभी स्कूल प्रधानों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बन्दरा बीईओ रीता कुमारी सहित शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।








