चंपारण की खबर::
-दीपावली के पूर्व शहर में विधि व्यवस्था की स्थिति का एसपी ने लिया जायजा
– शहर को जाम से निजात दिलाने को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
पुलिस अधीक्षक डॉ• कुमार आशीष ने कल देर शाम धनतेरस एवं दिवाली के पावन अवसर पर शहर के मुख्य क्षेत्रों में निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए विधि व्यवस्था संधारण का जायजा लिया। इस दौरान
एसपी ने शहर के नगर एवं छतौनी थाना अंतर्गत विभिन्न भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की तैनाती, यातायात व्यवस्था, गश्ती, इत्यादि का निरीक्षण करने के साथ-साथ आमजनों की सहूलियत को लेकर उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा निर्देश भी दिए।

धनतेरस एवं दीपावली के अवसर पर आमजनों की खरीदारी वाले इलाकों में खासकर सोने-चांदी की दुकानों, वित्तीय संस्थानों के आसपास पुलिस की चौकसी को बेहद सख्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं सभी प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। एसपी के निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरूण कुमार गुप्ता, अंचल निरीक्षक मुफस्सिल, थानाध्यक्ष नगर, थानाध्यक्ष छतौनी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।












