-फिर जगी धनबाद से उड़ान की आस, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने नागर उड्डयन मंत्रालय को लिखा पत्र
धनबाद ।दिलीप।
धनबाद से हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीदें एक बार फिर जगने लगी हैं। नगर निगम के निवर्तमान पार्षद निर्मल कुमार मुखर्जी द्वारा लिखे पत्र का संज्ञान लेते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने केंद्रीय नागर उड्डयन विभाग को पत्र लिखा है।
केंद्रीय आवासन नगर विकास विभाग के सेक्शन आफिसर संचारी बनर्जी ने निवर्तमान पार्षद मुखर्जी को पत्र लिखकर बताया है कि हवाई सेवा शुरू करने से संबंधित उनके पत्र को नागर विमानन विभाग को अग्रसारित कर दिया गया है। साथ ही विभाग को इस सेवा को शुरू करने के लिए आवश्यक सुविधाओं से संबंधित जानकारी मांगी गई है, ताकि प्रधानमंत्री कार्यालय को इससे संबंधित सूचना दी जा सके।

गौरतलब है कि मुखर्जी के पत्र पर ही हाल ही में संज्ञान लेते हुए राज्य के नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव ने उपायुक्त को पत्र लिख कर हवाई सेवा के आधारभूत सुविधा की जानकारी देने को कहा था। इसमें जमीन की उपलब्धता के अलावा अन्य आधारभूत सुविधा की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश उपायुक्त को दिया था।
इसके पहले निवर्तमान पार्षद और सुचना अधिकार कार्यकर्ता निर्मल कुमार मुखर्जी ने पीएमओ को ऑनलाइन आवेदन देकर धनबाद से हवाई सेवा चालू कराने का आग्रह किया था। उन्होंने 26 अगस्त को पत्र भेज कर कहा था कि धनबाद से हवाई सेवा शुरू करने के कई वाजिब कारण हैं। एक तो यहां दुनिया की सबसे बड़ा कोयला खदान है, दूसरे आईआईटी आईएसएम जैसा खनन की पढ़ाई करानेवाला विश्व का एकमात्र संस्थान है।
इसके अलावा मुखर्जी ने कहा कि धनबाद के हवाई यात्रियों की संख्या को लेकर कोई संशय होने पर पड़ोस के हवाई अड्डों से सफर करनेवाले धनबाद के यात्रियों का सर्वे कराया जा सकता है, जिससे यहां से हवाई सफर करनेवालों की संख्या का अनुपात पता चल जाएगा।












