Advertisement

तिरहुत स्नातक में 42.15% और शिक्षक निर्वाचन में 78.10% मतदान

-तिरहुत स्नातक में 42.15% और शिक्षक निर्वाचन में 78.10% मतदान

-27 अक्टूबर को एमआईटी में होगी मतगणना

मुजफ्फरपुर। बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के तहत शुक्रवार को मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली के कुल 203 मतदान केंद्रों पर मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम चार बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 42.15 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 78.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान किसी अप्रिय घटना, हिंसा अथवा विधि-व्यवस्था से संबंधित गंभीर शिकायत की सूचना नहीं मिली।
मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हुई। निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और निगरानी की व्यापक व्यवस्था की गई थी।

प्रमंडलीय आयुक्त एवं निर्वाची पदाधिकारी गिरिवर दयाल सिंह के निर्देश पर चारों जिलों में जिला पदाधिकारियों तथा वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों ने मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया। वहीं, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों ने भी नियमित रूप से निगरानी की। प्रमंडल स्तरीय नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी जिलों से लगातार मतदान संबंधी रिपोर्ट प्राप्त की जाती रही। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0621-2213962 जारी किया गया था।
प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि अधिकारियों ने सुव्यवस्थित कम्युनिकेशन प्लान के तहत आपसी समन्वय और सुदृढ़ संवाद स्थापित कर बेहतर कार्य किया। सभी पदाधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ मतदान संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त और पारदर्शी वातावरण में निर्वाचन संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।
तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी के प्रशासनिक भवन को पोल्ड मतपेटिका वज्रगृह और मतगणना स्थल बनाया गया है। मतदान समाप्त होने के बाद मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली से आने वाली मतपेटिकाओं, चुनाव संबंधी कागजातों एवं अन्य सामग्रियों को यहां सुरक्षित रखा जाएगा। इसके लिए निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्था की गई है। मतपेटिकाओं के संग्रहण और सुरक्षित रखरखाव की निगरानी वरीय अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 27 अक्टूबर को एमआईटी के प्रशासनिक भवन में मतगणना होगी। इसके लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मतगणना कर्मियों के प्रशिक्षण सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि नामांकन, संवीक्षा और मतदान सहित निर्वाचन के अब तक के सभी चरण आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मतगणना भी शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न होगी।