Advertisement

पूर्वी चंपारण में भयमुक्त माहौल में संपन्न हुआ शिक्षक निर्वाचन का मतदान, 89.61% वोटिंग

-पूर्वी चंपारण में भयमुक्त माहौल में संपन्न हुआ शिक्षक निर्वाचन का मतदान, 89.61% वोटिंग

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

बिहार विधान परिषद के 03 सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को पूर्वी चंपारण जिले में मतदान शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न हुआ। जिले के सभी 27 प्रखंड परिसरों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर शिक्षक मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया। वहीं निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं एसपी स्वर्ण प्रभात जिले के सभी प्रखंडों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर भ्रमणशील देखे गए।

जानकारी के अनुसार जिले में कुल 1743 मतदाताओं को वोट करना था, जिसमें से 1562 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह जिले में कुल 89.61 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान करने वालों में 1394 पुरुष और 168 महिला मतदाता शामिल हैं।

– चार प्रखंडों में 100 प्रतिशत मतदान

जिले के घोड़ासहन, पताही, तेतरिया और रामगढ़वा प्रखंड में शत-प्रतिशत मतदान हुआ है, जो शिक्षकों की लोकतांत्रिक जागरूकता को दर्शाता है।

– मतदान को लेकर रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। सभी मतदान केंद्रों पर स्टेटिक फोर्स और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। दो प्रखंडों पर एक जोनल अधिकारी और 7 वरीय अधिकारियों – नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, एडीएम लोक शिकायत, एडीएम विभागीय जांच और जिला बंदोबस्त पदाधिकारी को सुपर जोनल दंडाधिकारी बनाया गया था।

जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात खुद लगातार मतदान केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे। जिला नियंत्रण कक्ष से पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी गई।

प्रशासन ने बताया कि मतदान के दौरान जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।