-एमआईटी स्थित बज्रगृह का आयुक्त, डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण
-बैलेट पेपर की सुरक्षा का लिया जायजा
मुजफ्फरपुर। बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के तहत मतदान समाप्त होने के बाद शुक्रवार की देर शाम एमआईटी परिसर स्थित बज्रगृह-सह-संग्रहण केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, जिला पदाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने पोल्ड बैलेट पेपर के सुरक्षित संग्रहण एवं निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान समाप्ति के बाद पोल्ड बैलेट पेपर को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संग्रहण केंद्र तक लाने और बज्रगृह में सुरक्षित जमा कराने की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बैलेट पेपर के सुरक्षित संधारण, बज्रगृह की सुरक्षा और निर्वाचन सामग्री के रखरखाव से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जिला प्रशासन की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सतत निगरानी की जा रही है। मतदान के बाद निर्वाचन सामग्री का सुरक्षित संग्रहण चुनाव प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन से संबंधित सभी कार्यों को व्यवस्थित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराना है।
जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी जारी रखने की बात कही है।











