-कलवार महिला मंच के डांडिया उत्सव में देर रात तक झूमीं महिलाएं, लोकगीतों ने बांधा समां
मुजफ्फरपुर। शहर के नई बाजार स्थित एक विवाह भवन में कलवार महिला मंच की ओर से दशहरा के पावन अवसर पर भव्य डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में कलवार समाज की महिलाओं, युवतियों और बच्चों ने अपने परिजनों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने डीजे की धुनों और भक्ति गीतों पर देर रात तक डांडिया और गरबा नृत्य कर उत्सव का आनंद उठाया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक परंपरा की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लोक गायिका पुष्पा प्रसाद और उनकी साथी कलाकारों की संगीतमय प्रस्तुतियां रहीं। उनके सुरीले लोकगीतों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम की उपमहापौर डॉ. मोनालिसा और डॉ. नवीन कुमार उपस्थित रहे। अतिथियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

इस अवसर पर समाज और क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को कलवार महिला मंच की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में उपमहापौर डॉ. मोनालिसा, भाजपा महिला मंच पूर्वी की महामंत्री सविता जायसवाल, मंच की पूर्व अध्यक्ष सविता चौधरी और पूर्व महामंत्री जूली चौधरी शामिल रहीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंच की अध्यक्ष रागिनी चौधरी, महामंत्री रेणु चौधरी, कोषाध्यक्ष लवली जायसवाल सहित साधना चौधरी, वंदना भारती, मीरा चौधरी, शिखा चौधरी, मधु चौधरी, प्रियंका चौधरी, शकुंतला जायसवाल, नीतू सिंह, सुशीला चौधरी, नीलम चौधरी और ऊषा चौधरी ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन महामंत्री रेणु चौधरी ने किया।
उत्सव में व्याहुत सेवा ट्रस्ट के मंत्री दिलीप कुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार चौधरी, बलभद्र आरती कमेटी के मुख्य संयोजक दीपक कुमार सहित समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी मेलजोल, बंधुत्व और एकजुटता को मजबूत करने के साथ-साथ परंपराओं और सांस्कृतिक चेतना को भी बढ़ावा देते हैं।











