Advertisement

पांच हजार का इनामी कुख्यात डकैत गिरफ्तार, आठ साल से पुलिस को दे रहा था चकमा

-पांच हजार का इनामी कुख्यात डकैत गिरफ्तार, आठ साल से पुलिस को दे रहा था चकमा

मुजफ्फरपुर। बिहार एसटीएफ और सीतामढ़ी जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये के इनामी कुख्यात डकैत मो. इजराइल को गिरफ्तार किया है। वह सीतामढ़ी जिले के परिहार थाना क्षेत्र में वर्ष 2018 में हुए डकैती कांड में वांछित था और कई वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे मुजफ्फरपुर के माड़ीपुर स्थित सर्किट हाउस के पास से गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक सह सदर एसडीपीओ-दो आशीष आनंद ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सात अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि परिहार थाना कांड संख्या 07/18 का वांछित इनामी अपराधी मो. इजराइल मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया है। सूचना के आधार पर बिहार एसटीएफ और परिहार थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए उसकी घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी पुपरी थाना क्षेत्र के आवापुर गांव निवासी मो. सिराजुल का पुत्र है। पुलिस के अनुसार, वह एक शातिर डकैत गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ सीतामढ़ी जिले के विभिन्न थानों के अलावा मुजफ्फरपुर जिले के बेला थाने में लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 13 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, मो. इजराइल की संलिप्तता वर्ष 2018 में परिहार थाना क्षेत्र के जगदर गांव में सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर भिखारी महतो के घर हुई बड़ी चोरी की वारदात में भी सामने आई थी। 26 और 27 जनवरी 2018 की दरम्यानी रात बदमाशों ने उनके घर से 20 भर सोने के आभूषण, 125 भर चांदी, 50 हजार रुपये नकद, सात घड़ियां और मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। इस मामले में परिहार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

कई वर्षों तक फरार रहने के कारण मो. इजराइल पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

एएसपी आशीष आनंद ने बताया कि जिले में फरार अपराधियों और इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस गिरफ्तारी को सीतामढ़ी पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।