Advertisement

मुजफ्फरपुर में एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, पारू और औराई थानाध्यक्ष निलंबित

-मुजफ्फरपुर में एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, पारू और औराई थानाध्यक्ष निलंबित

मुजफ्फरपुर। जिले के पुलिस महकमे से बड़ी खबर सामने आई है। कर्तव्य में लापरवाही और कार्य में शिथिलता बरतने के आरोप में एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने एक ही दिन में दो थानाध्यक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसएसपी की पहली कार्रवाई पारू थाना क्षेत्र से जुड़ी है। पिछले 15 दिनों के भीतर पुलिस अभिरक्षा से दो अलग-अलग मामलों के आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए थे। थाना परिसर से आरोपियों के भागने की घटनाओं को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लिया। मामले की जांच में पारू थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार शुक्ला की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद एसएसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।


वहीं, दूसरी कार्रवाई औराई थानाध्यक्ष सुनील कुमार के खिलाफ की गई है। उनके विरुद्ध कार्य में लगातार शिथिलता बरतने समेत कई अन्य शिकायतें मिल रही थीं। मामले की जांच एसडीपीओ ईस्ट-1 अलय वत्स द्वारा की गई। जांच पूरी होने के बाद एसडीपीओ ने अपनी रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी, जिसमें लगाए गए आरोप सही पाए गए। रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने औराई थानाध्यक्ष सुनील कुमार को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एक ही दिन में दो थानाध्यक्षों पर हुई इस कार्रवाई से जिले के अन्य थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच भी हड़कंप का माहौल है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा की कार्रवाई से पुलिस महकमे में साफ संदेश गया है कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही, शिथिलता और कानून-व्यवस्था से जुड़ी गंभीर चूक को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।