Advertisement

श्रद्धांजलि सभा में जगदीश मित्तल के योगदान को किया याद

-श्रद्धांजलि सभा में जगदीश मित्तल के योगदान को किया याद

मुजफ्फरपुर, 9 सितंबर 2026। राष्ट्रीय कवि संगम, मुजफ्फरपुर की ओर से संगठन के प्रमुख शिल्पकार एवं मार्गदर्शक स्वर्गीय जगदीश मित्तल के निधन पर बुधवार को नवयुवक समिति, सरैयागंज में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन की अध्यक्ष उषा श्रीवास्तव ने की, जबकि उपाध्यक्ष संगीता सागर सहित संगठन के पदाधिकारी एवं साहित्यप्रेमी मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ साहित्यकार जगदीश शर्मा, कवयित्री ज्योति सिन्हा, मुन्नी चौधरी, समाजसेवी मोहन सिन्हा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए। सभी ने स्वर्गीय जगदीश मित्तल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि जगदीश मित्तल का जीवन साहित्य, संस्कार और राष्ट्रचेतना के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा। राष्ट्रीय कवि संगम को सुदृढ़ बनाने और देशभर में साहित्यिक गतिविधियों को विस्तार देने में उनके योगदान को विशेष रूप से याद किया गया।


वक्ताओं ने कहा कि संगठन में स्नेहपूर्वक ‘बाबू जी’ के नाम से संबोधित किए जाने वाले जगदीश मित्तल का मार्गदर्शन और साहित्यिक योगदान लंबे समय तक सदस्यों की स्मृतियों में जीवित रहेगा। उनका स्नेह, विचार और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण साहित्य जगत के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
सभा के दौरान उपस्थित साहित्यकारों एवं साहित्यप्रेमियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अंत में राष्ट्रीय कवि संगम, मुजफ्फरपुर की ओर से संकल्प लिया गया कि जगदीश मित्तल के साहित्यिक एवं राष्ट्रहितकारी विचारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।