Advertisement

छात्रा अपहरण का मुख्य आरोपी पुलिस पर फायरिंग कर बाइक लूटकर फरार, जजुआड़ में मचा हड़कंप

-छात्रा अपहरण का मुख्य आरोपी पुलिस पर फायरिंग कर बाइक लूटकर फरार, जजुआड़ में मचा हड़कंप

मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। इंटर की परीक्षा देकर घर लौट रही 17 वर्षीय छात्रा के अपहरण मामले में नामजद मुख्य आरोपी उत्तम राय ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की घेराबंदी के बीच आरोपी अपने एक साथी के साथ भाग निकला। फरार होने के दौरान पिस्टल के बल पर एक राहगीर से बाइक लूटकर दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों को फरार अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।
मामला पिछले दिनों हुए 17 वर्षीय छात्रा के अपहरण से जुड़ा है। प्राथमिकी के अनुसार, सीतामढ़ी जिले के बोखड़ा थाना क्षेत्र के बठौल निवासी छात्रा मुजफ्फरपुर में इंटर की परीक्षा देकर कार से घर लौट रही थी। शाम करीब सात बजे चैनपुर गाछी के पास दो अपाचे बाइक पर सवार नकाबपोश अपराधियों ने कार को घेर लिया। कार रुकते ही उजले रंग की अपाचे से उतरे उत्तम राय ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद उसने अपने सहयोगियों नंद कुमार राय, अनिल राय, बिद्धू राय और शोभित राय के साथ मिलकर हथियार के बल पर छात्रा का अपहरण कर लिया और लोहिया चौक की ओर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से जिंदा कारतूस और खोखा भी बरामद किया था।


इसी अपहरण मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी उत्तम राय चैनपुर गाछी स्थित राम बाबू राय की झोपड़ी में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर जाजुआड़ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने दोपहर करीब 12:30 बजे झोपड़ी की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी और उसके साथी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।
अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस जवानों ने बचाव में हवाई फायरिंग की। इसी दौरान आरोपी और उसका साथी इलाके की भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले। फरार होने के दौरान दोनों ने रास्ते में एक राहगीर को पिस्टल दिखाकर उसकी बाइक छीन ली और उसी बाइक से फरार हो गए।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि उत्तम राय को पुलिस एक पेशेवर और शातिर अपराधी के रूप में चिन्हित कर रही है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और दरभंगा जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी और अपहरण समेत 13 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम पर फायरिंग और राहगीर से बाइक लूटने के मामले में जाजुआड़ थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।