-महापौर की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक, 6 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी
मुजफ्फरपुर। नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक 12 अगस्त 2026 को महापौर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और सौंदर्यीकरण से जुड़े छह प्रमुख प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
बैठक में जुब्बा सहनी पार्क के पास निर्माणाधीन ऑडिटोरियम भवन के डीपीआर में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। इसके लिए नगर आयुक्त को उप नगर आयुक्त की अध्यक्षता में विशेष कमेटी गठित करने का आदेश दिया गया है।
शहर के सभी पार्कों और पुस्तकालयों में लीव रोटेशन रोस्टर लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत अब पार्क और पुस्तकालय सप्ताह के सातों दिन आम लोगों के लिए खुले रहेंगे।

शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अल्ट्रा मॉडर्न डंपिंग स्टेशन सह ट्रांसफर स्टेशन के निर्माण की दिशा में तेजी से जगह चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, जुब्बा सहनी पार्क स्थित कैंटीन के पुनः ऑक्शन के लिए बेस प्राइस संशोधित कर 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया। इस प्रस्ताव पर भी समिति ने अपनी मंजूरी दे दी।
चक्कर चौक रोड में हाल में हुई घटना को लेकर महापौर ने कड़ा रुख अपनाया। नगर आयुक्त को मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और निगम की जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया गया। महापौर ने कहा कि निगम की लापरवाही के कारण आम लोगों को परेशानी क्यों उठानी पड़ी, इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
इसके अलावा शहर के प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण की दिशा में रामबाग चौक और नीम चौक के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में लिए गए इन निर्णयों से शहर की नागरिक सुविधाओं, सफाई व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को गति मिलने की उम्मीद है।












