Advertisement

उज्जैन से आई बाबा महाकाल की चंद्रमौलेश्वर मूर्ति का मुजफ्फरपुर में भव्य स्वागत, शिवमय हुआ माहौल

-उज्जैन से आई बाबा महाकाल की चंद्रमौलेश्वर मूर्ति का मुजफ्फरपुर में भव्य स्वागत, शिवमय हुआ माहौल

मुजफ्फरपुर। महाकाल सेवा दल द्वारा आगामी 2 अगस्त को निकाली जाने वाली महाकाल शाही पालकी यात्रा की तैयारियों के बीच मंगलवार को मुजफ्फरपुर शिवभक्ति के रंग में रंग गया। उज्जैन स्थित बाबा महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद लाई गई चंद्रमौलेश्वर स्वरूप की मूर्ति का मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भव्य स्वागत किया गया।
स्टेशन परिसर में महाकाल सेवा दल के सदस्यों और सैकड़ों शिवभक्तों ने बाबा महाकाल की मूर्ति का जयकारों के साथ स्वागत किया। इस दौरान घोड़े, ढोल-नगाड़े, शंखनाद और आतिशबाजी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। “हर-हर महादेव” और “जय श्री महाकाल” के गगनभेदी उद्घोष से स्टेशन परिसर गूंज उठा।


इसके बाद बाबा की चंद्रमौलेश्वर मूर्ति को भव्य शोभायात्रा के साथ बाबा गरीबनाथ धाम लाया गया। यहां धाम के गर्भगृह में प्रधान पुजारी विनय पाठक एवं महंत अभिषेक पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई और बाबा का विधिवत स्वागत किया।
इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में शिवभक्त और महाकाल सेवा दल के सदस्य मौजूद रहे। महाकाल सेवा दल के अध्यक्ष आकाश चौधरी ने बताया कि 2 अगस्त को मुजफ्फरपुर में भव्य महाकाल शाही पालकी यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और उज्जैन से लाई गई यही चंद्रमौलेश्वर स्वरूप की मूर्ति पालकी में विराजमान होकर नगर भ्रमण करेगी। श्रद्धालुओं में इस धार्मिक आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।