-मुजफ्फरपुर: बेरुआ पंचायत में जन सहयोग शिविर का आयोजन
-एक ही छत के नीचे मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी और समस्याओं का समाधान
मुजफ्फरपुर | गायघाट, 21 जुलाई 2026।
गायघाट प्रखंड की ग्राम पंचायत राज बेरुआ स्थित पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को जन सहयोग शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारियों ने एक ही स्थान पर उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना, आवेदन संबंधी समस्याओं का मौके पर निपटारा करना और पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना था। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराया और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार राय, अंचलाधिकारी पुष्पराज सिंह, पंचायती राज पदाधिकारी राजीव रंजन, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक कुमार, कृषि समन्वयक शत्रुघन कुमार, किसान सलाहकार सुनील कुमार, पंचायत सचिव सुभाष कुमार, मुखिया उषा देवी, पूर्व मुखिया सत्येंद्र नारायण सिंह उर्फ खदेरन सिंह, पैक्स अध्यक्ष ठाकुर विजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह सहित कई विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर में कृषि, स्वास्थ्य, राजस्व, आवास, मनरेगा, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, जाति, आय और आवासीय प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों का समाधान किया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।
इस अवसर पर पंचायत के अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। जन सहयोग शिविर शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।











