-भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, रथ की रस्सी खींचकर किया शुभारंभ
पटना, 16 जुलाई 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन (अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ) मंदिर और गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा भगवान श्री जगन्नाथ की आरती और पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस्कॉन मंदिर में मुख्यमंत्री ने भगवान श्री जगन्नाथ की आरती के बाद रथ यात्रा मार्ग पर स्वयं झाड़ू लगाकर सेवा भाव का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने रथ की रस्सी खींचकर भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर इस्कॉन मंदिर प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष रमन मनोहर दास ने मुख्यमंत्री को पुष्पमाला, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी पहुंचे, जहां बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद द्वारा आयोजित रथ यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां भी उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ की आरती की, रथ यात्रा मार्ग पर झाड़ू लगाया और रथ की रस्सी खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने भगवान से राज्यवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
गर्दनीबाग कार्यक्रम में बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष रणवीर नंदन ने मुख्यमंत्री का पुष्पमाला और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधानसभा के सभापति अवधेश नारायण सिंह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सरावगी, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुशवाहा, श्याम रजक सहित कई जनप्रतिनिधि, धार्मिक न्यास पर्षद एवं इस्कॉन मंदिर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।













