Advertisement

मेगा टिकट जांच अभियान में 3,091 यात्री पकड़े गए, रेलवे को 30.26 लाख का राजस्व

-मेगा टिकट जांच अभियान में 3,091 यात्री पकड़े गए, रेलवे को 30.26 लाख का राजस्व

मुजफ्फरपुर/सोनपुर, 30 जून। पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए मेगा टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के नेतृत्व एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार के मार्गदर्शन में 29 जून को सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, मानसी, खगड़िया और नवगछिया सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों तथा मेल, एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान वाणिज्य विभाग के टिकट जांच कर्मियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने भी संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

इस दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट, टिकट की शर्तों के उल्लंघन तथा अन्य नियमों के उल्लंघन से जुड़े 3,091 मामले पकड़े गए। इन मामलों से रेलवे को 30,26,855 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल राजस्व संरक्षण नहीं, बल्कि यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने की आदत को बढ़ावा देना और रेलवे सेवाओं को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाना भी है।
सोनपुर मंडल ने सभी रेल यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे के नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा के विरुद्ध भविष्य में भी ऐसे विशेष मेगा टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।