-6 साल पुराने मामले में फरार आरोपी के घर कुर्की-जब्ती, बेनीबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दीपक कुमार | गायघाट, मुजफ्फरपुर
कानून से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ बेनीबाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए न्यायालय के आदेश पर एक नामजद अभियुक्त के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। यह कार्रवाई छह वर्ष पुराने मामले में की गई, जिससे क्षेत्र में फरार आरोपियों के बीच हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बेनीबाद थाना कांड संख्या 365/20 के नामजद अभियुक्त लाल बाबू साह (पिता- स्वर्गीय मैथु साह), निवासी जाताडीह गांव, लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा जारी कुर्की-जब्ती के आदेश के अनुपालन में रविवार को पुलिस ने उसके घर पहुंचकर विधिसम्मत कार्रवाई पूरी की।

यह कार्रवाई बेनीबाद थाना प्रभारी राजकुमार गौतम के निर्देश पर अपर थाना अध्यक्ष मौर्यन दीपांकरण के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में संपन्न हुई। कार्रवाई के दौरान न्यायालय के आदेश के अनुसार आरोपी की संपत्ति की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों का हर हाल में पालन कराया जाएगा और कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बेनीबाद पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में यह संदेश गया है कि फरार आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।












