Advertisement

मोहर्रम जुलूस के दौरान राजापाकर थाना अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, सिर में लगे छह टांके; पुलिस ने शुरू की जांच

-मोहर्रम जुलूस के दौरान राजापाकर थाना अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, सिर में लगे छह टांके; पुलिस ने शुरू की जांच

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। मोहर्रम के ताजिया जुलूस के विसर्जन के दौरान राजापाकर थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा पर असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में थाना अध्यक्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गहरी चोट आई, जिसके बाद चिकित्सकों ने छह टांके लगाए। घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मोहर्रम के अवसर पर राजापाकर बाजार में ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने बताया कि प्रशासन द्वारा पूर्व में आयोजित शांति समिति की बैठक में जुलूस संचालन को लेकर जो दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, उनका कई आयोजन समितियों एवं लाइसेंसधारियों द्वारा पालन नहीं किया गया।
उन्होंने बताया कि तकिया टोला से निकलने वाले बुढ़वा अखाड़ा के लाइसेंसधारी ने निर्धारित रूट का पालन नहीं करते हुए दूसरे मार्ग से राजापाकर बाजार की ओर जुलूस ले गया, जबकि उसी ताजिया का सबसे पहले विसर्जन होना था। इसके बाद भुवनेश्वर चौक दर्जी टोला से निकले इस्लामिया अखाड़ा के ताजिया को विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व उग्र हो गए और थाना अध्यक्ष पर घातक हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।


मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों एवं स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों की मदद से घायल थाना अध्यक्ष को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजापाकर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीपीओ महुआ संजीव कुमार भारी पुलिस बल और वज्र वाहन के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रण में लिया। कुछ देर बाद वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा भी राजापाकर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, अंचलाधिकारी गौरव कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने घटनास्थल के समीप स्थित एक ज्वेलरी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया है। एसडीपीओ ने बताया कि फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी और आरोपितों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे थे।