Advertisement

बन्दरा में शिक्षा को मिली नई सौगात: विधायक कोमल सिंह ने 6 स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण का किया शिलान्यास

-बन्दरा में शिक्षा को मिली नई सौगात: विधायक कोमल सिंह ने 6 स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण का किया शिलान्यास

मुजफ्फरपुर | दीपक । जिले के गायघाट विधानसभा क्षेत्र के बंदरा प्रखंड में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को अहम पहल की गई। गायघाट की विधायक कोमल सिंह ने छह उच्च विद्यालयों में दो-दो अतिरिक्त वर्ग कक्षों के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर लगभग 1.85 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
शिलान्यास किए गए विद्यालयों में तेपरी हाईस्कूल, हत्था इंटर स्तरीय विद्यालय, उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़गांव, माध्यमिक विद्यालय पटसारा, मोहन हाईस्कूल सिमरा तथा सर्वोदय हाईस्कूल पियर शामिल हैं। विधायक ने कहा कि अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और विद्यालयों की आधारभूत संरचना भी मजबूत होगी।


कार्यक्रम के दौरान विधायक ने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। स्थानीय लोगों ने सड़क, शिक्षा, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई मांगें रखीं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र के सभी विद्यालयों में बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए लाभकारी बताया।