Advertisement

छात्रों की गूंज अभियान में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

-छात्रों की गूंज अभियान में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

राजापाकर। कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत चकसिकंदर बाजार में छात्रों और बेरोजगार युवाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती गैरबराबरी, लगातार हो रहे पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तपन कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा के लिए पर्याप्त बजट नहीं दिया जा रहा है, जिसके कारण सभी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना संभव नहीं हो पा रहा है।
छात्रा रोजी कुमारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक नुकसान गरीब और मेधावी छात्रों को उठाना पड़ता है। आर्थिक और मानसिक दबाव के कारण छात्रों में निराशा बढ़ रही है तथा आत्महत्या की घटनाओं में भी वृद्धि देखने को मिल रही है।


छात्र चंदन कुमार ने कहा कि हजार छात्रों में केवल बारह को ही स्थायी नौकरी मिल पाती है, जबकि बड़ी संख्या में युवा या तो संविदा पर काम करने को मजबूर हैं या बेरोजगार रह जाते हैं। उन्होंने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के मामलों को लेकर शिक्षा मंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
राजू कुमार ने कहा कि वर्तमान चयन प्रणाली युवाओं के लिए अवसरों से अधिक निराशा का कारण बन रही है। उन्होंने कहा कि हर भर्ती परीक्षा का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाना चाहिए ताकि अभ्यर्थियों को पारदर्शी और समयबद्ध अवसर मिल सके। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित ने बताया कि विपक्ष के नेता Rahul Gandhi ने राजस्थान के कोटा से “छात्रों की गूंज” अभियान की शुरुआत की है। कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से छात्रों और युवाओं की समस्याओं को जन-जन तक पहुंचाना चाहती है। इसी क्रम में चकसिकंदर बाजार में छात्र कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों और नौजवानों ने अपनी समस्याओं और मांगों को साझा किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।