-बैरिया गोलंबर के पास कबाड़ गोदाम में भीषण आग, कई दमकलों की मदद से घंटों चला राहत कार्य
मुजफ्फरपुर। शहर के बैरिया गोलंबर के पास बुधवार देर रात एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। रात करीब सवा 12 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों में अफरातफरी मच गई। आग की ऊंची लपटों और तेज तपिश के कारण घटनास्थल से सटे नवनिर्मित अपार्टमेंट के कई परिवारों को घरों से बाहर निकलना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बैरिया गोलंबर से चांदनी चौक पुल छोर के बीच सड़क किनारे धर्म कांटा के समीप स्थित दो गोदामों में प्लास्टिक सामग्री रखी गई थी। आग इन्हीं गोदामों में लगी और प्लास्टिक के कारण तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग आसपास के आधा दर्जन से अधिक बड़े पेड़ों तक पहुंच गई। पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही चार दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। लेकिन करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले से चार अतिरिक्त बड़े दमकल वाहन तथा हाजीपुर से भी दमकल मंगाई गई। देर रात तक दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास करते रहे।

अगलगी की इस घटना में तीन जेसीबी मशीनों के भी जल जाने की सूचना है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन रंजन ने बताया कि आग से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
इस बीच रात करीब एक बजे आग नहीं बुझने से नाराज स्थानीय लोगों ने दमकल वाहनों से कम प्रेशर में पानी छिड़काव का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। कुछ लोगों ने दमकल के पाइप तक खोल दिए और कर्मियों को वापस जाने के लिए कहने लगे। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल और दमकल कर्मियों ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित कर लिया। इसके बाद अधिक प्रेशर के साथ पानी का छिड़काव शुरू किया गया और आग बुझाने का अभियान जारी रहा।
प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुट गया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।












