-भरत तिवारी हत्याकांड के विरोध में कैंडल मार्च, न्याय की मांग को लेकर युवाओं का प्रदर्शन
मुजफ्फरपुर। युवा बोलबम सेवा समिति की ओर से भरत तिवारी की हत्या के विरोध में मंगलवार को एक भावुक एवं प्रभावशाली शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने सरैयागंज स्थित युवी टावर से लेकर खुदीराम बोस स्मारक स्थल तक कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर भरत तिवारी के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा न्याय की मांग को बुलंद किया।

पूरे आयोजन के दौरान माहौल गमगीन रहा। वक्ताओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की। समिति के सदस्यों ने कहा कि भरत तिवारी को न्याय मिलने तक उनकी आवाज लगातार उठती रहेगी और दोषियों की गिरफ्तारी तक संघर्ष जारी रहेगा।
शोक सभा में युवा बोलबम सेवा समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार रजक, संयोजक शिवा गुप्ता, सचिव रमेश कुमार, महासचिव विक्की शर्मा, उपाध्यक्ष करन कुमार, सह सचिव मुकेश चौधरी सहित विशाल, पवन पटेल, शिबम कुमार, प्रिंस कुमार, राहुल कुमार, आयुष कुमार तथा बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और समाजसेवी मौजूद रहे।












