Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी के 4000 दिनों के कार्यकाल पर मुजफ्फरपुर में विशेष पूजा-अर्चना और हवन

-प्रधानमंत्री मोदी के 4000 दिनों के कार्यकाल पर मुजफ्फरपुर में विशेष पूजा-अर्चना और हवन

मुजफ्फरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4000 से अधिक दिनों तक देश के प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के उपलक्ष्य में मुजफ्फरपुर के नगर विधायक रंजन कुमार के नेतृत्व में मां बगलामुखी पीतांबरी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सफल एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा और हवन संपन्न कराया गया। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और उपस्थित लोगों ने देश की प्रगति एवं समृद्धि के लिए भी प्रार्थना की।


नगर विधायक रंजन कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना, डिजिटल परिवर्तन तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और नीतियों को जाता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी देश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। विधायक ने ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु प्रदान करें, ताकि वे आगे भी देश की सेवा करते रहें।
इस अवसर पर रागिनी रानी, विजय पांडेय, विशेश्वर शंभू, धर्मेंद्र साहू, आशीष श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने प्रधानमंत्री के सफल एवं दीर्घ कार्यकाल की कामना की।